मेस्सी की टीम भी चैंपियंस लीग क्वार्टर्स से OUT, पीएसजी ने 1-1 से ड्रॉ खेल बार्सीलोना को दिखाया बाहर का रास्ता
पेरिस
पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने बार्सीलोना को 1-1 से ड्रॉ पर रोककर चैंपियन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। राउंड ऑफ 16 का पहले राउंड का मुकाबला 4-1 से जीतने वाले पीएसजी ने कुल स्कोर के आधार पर 5-2 से जीत दर्ज की। पीएसजी की ओर से कैंप नाउ में हैट्रिक लगाने वाले काइलान एमबापे ने बुधवार को 31वें मिनट में पेनल्टी पर गोल दागा। बार्सीलोना की ओर से लियोनल मेस्सी ने 37वें मिनट में गोल करके टीम को बराबरी दिलाई। साल 2005 से यह पहला मौका है जब मेस्सी और उनके चिर प्रतिद्वंद्वी क्रिस्टियानो रोनाल्डो में से किसी की भी टीम चैंपियन्स लीग के अंतिम आठ में नहीं पहुंची। रोनाल्डो की यूवेंटस भी मंगलवार को टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
लेपजिग को हराकर लीवरपूल क्वार्टर फाइनल में
लीवरपूल ने बुधवार को लेपजिग को 2-0 से हराकर चैंपियन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के अंतिम आठ में प्रवेश किया। लीवरपूल की ओर से मोहम्मद सालाह और सादियो माने ने गोल दागे। पहले राउंड का मुकाबला भी 2-0 से जीतने वाले लीवरपूल ने कुल स्कोर के आधार पर 4-0 से जीत दर्ज की। हंगरी में तटस्थ स्थान पर हुआ यह मैच लीवरपूल का घरेलू मुकाबला था जिसे पुस्कास एरेना में खेला गया।

पाठको की राय